
रमेश राजपूत
बिलासपुर – घर में घुसकर लाठी-डंडे और तलवार से मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार सहित अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक, लिंगियाडीह के पास प्रार्थी निखिल ध्रुव अपने साथियों आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने वाहन से टक्कर मारने के बाद विवाद शुरू कर दिया। गाली-गलौच करते हुए आरोपियों ने लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए घायल युवक पास के एक मकान में चले गए, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए घर के अंदर घुस गए और वहां भी उनके साथ मारपीट की। हमले में पीड़ितों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 969/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 331(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हथियार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार 20 वर्ष, संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू 20 वर्ष, मुकेश यादव उर्फ मुक्की 25 वर्ष और राहुल यादव उर्फ छोटू 26 वर्ष, सभी निवासी लिंगियाडीह क्षेत्र शामिल हैं। आरोपी सन्नी अहिरवार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार बरामद होने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।