
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर नियमित राशि जमा करने का झांसा देकर करीब 150 खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले का चांपा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु 39 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खाताधारकों से राशि लेकर उनके खातों में पूरी रकम जमा नहीं की। पूछताछ में आरोपी ने रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। दोनों ने पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर नियमित राशि जमा करने और बेहतर लाभ मिलने का भरोसा दिलाया था। प्रार्थी के अनुसार आरोपी ने 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच उससे कुल 1 लाख 21 हजार 200 रुपये जमा करने के नाम पर लिए। इन रकमों की एंट्री आरोपी द्वारा डायरी में की जाती थी। बाद में पोस्ट ऑफिस से खाते की जानकारी लेने पर महज 21 हजार रुपये ही जमा होना पाया गया। इस तरह 1 लाख 200 रुपये की राशि खाते में जमा नहीं की गई। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 316(5), 318(3), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने शिकायतकर्ता की रकम खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की। साथ ही करीब 150 खाताधारकों की एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।