
भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – दीपावली के दौरान पटाखे से हुए एक गंभीर हादसे में घायल 12 वर्षीय बच्चे की सिम्स, बिलासपुर के चिकित्सकों ने जटिल ऑपरेशन कर जान बचाई। पटाखे के विस्फोट से स्टील का टुकड़ा बच्चे के पेट को भेदते हुए अंदर तक जा पहुंचा था, जिससे पेट और लिवर में गंभीर चोट आई थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरेला के पडवरिया निवासी 12 वर्षीय बच्चे को 12 नवंबर 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे गंभीर हालत में सिम्स के आकस्मिक चिकित्सा विभाग में भर्ती कराया गया था। बच्चा अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान टॉप टाइगर पटाखे को स्टील के गिलास में रखकर जलाने का प्रयास किया जा रहा था।

अचानक जोरदार विस्फोट हो गया और स्टील का टुकड़ा पेट को भेदते हुए अंदर जा धंसा। इससे पेट और लिवर में गंभीर चोट पहुंची साथ ही किडनी के पास भी गहरा घाव हो गया। इधर बच्चे को एडमिट करने के बाद डॉ. ब्रजेश पटेल के निर्देशानुसार सर्जरी विभाग की टीम ने लगभग चार घंटे तक जटिल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन में डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, डॉ. शोभा एक्का एवं डॉ. शुभ एक्का ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। नर्सिंग स्टाफ से सिस्टर अल्पना, स्मृति तथा वार्ड बॉय तुलसी और चंद्रभान का भी सहयोग रहा।

अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि ऐसी स्थिति में समय पर सही निर्णय लेना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की,कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर बच्चों को पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने दें और खतरनाक तरीके से पटाखे जलाने से रोकें। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि पटाखों से होने वाली दुर्घटनाएं कई बार जानलेवा साबित हो सकती हैं। ऐसे मामलों में मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है।