
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – करीब एक साल पुराने हत्या के मामले का नैला पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब में चोरी-छिपे कीटनाशक जहर मिलाकर 55 वर्षीय रामायण सूर्यवंशी को पिला दिया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। एफएसएल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक 22 मई 2025 को हाथीटिकरा निवासी रामायण सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में जिला अस्पताल जांजगीर में उपचार के दौरान मौत हुई थी। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान परिजनों, पंचों और गवाहों के बयान लिए गए। इसमें सामने आया कि सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू रामायण को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ तीन पहिया स्कूटर में बैठाकर ईंट भट्ठे के पास ले गया था। बताया गया कि आरोपी अपने साथ अंग्रेजी शराब लेकर गया था। आरोप है कि उसने शराब के गिलास में कीटनाशक जहर मिलाकर रामायण को पिला दिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर पत्नी और पुत्री मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गया था। मौके से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी मिले थे। मर्ग जांच के दौरान शव का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित किया गया और रासायनिक परीक्षण के लिए एफएसएल बिलासपुर भेजा गया। एफएसएल रिपोर्ट में कीटनाशक जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस और 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त तीन पहिया स्कूटर जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव और स्टाफ की भूमिका रही।