जांजगीर चाँपा

शादी का विज्ञापन, नर्स बनने का नाटक और लाखों की ठगी! जमीन बेचकर भी नहीं मिला जीवनसाथी, गिरोह की 4 महिलाएं और एक पुरुष गिरफ्तार

रमेश राजपूत

जांजगीर-चांपा – जीवन के 53 बसंत देख चुके एक व्यक्ति को जीवनसाथी की तलाश थी। मोबाइल पर शादी का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया तो उसे महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर काम करने वाली पदमा नाम की युवती से रिश्ता तय होने का भरोसा दिलाया गया। धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई और फिर कभी मां के इलाज, कभी खुद की बीमारी, कभी दुर्घटना तो कभी मां की मौत का हवाला देकर पैसे मांगे जाने लगे। शादी की उम्मीद में पीड़ित ने अपनी जमीन बेचकर मिले पैसे और उधार की रकम तक दे दी। जब कुल 5 लाख 65 हजार 355 रुपये गंवाने के बाद उसने युवती से मिलने की बात कही, तो बहानेबाजी शुरू हो गई। आखिरकार जांच में पता चला कि सरकारी अस्पताल में पदमा नाम की कोई नर्स ही नहीं थी। मामले में जांजगीर पुलिस ने चार महिलाओं और एक पुरुष समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शादी के विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल

पुलिस के अनुसार, नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। इसी दौरान मोबाइल पर शादी का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन के जरिए संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत पदमा नाम की युवती से शादी कराने का भरोसा दिया गया। शुरुआती भुगतान के बाद उन्हें युवती का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया। इसके बाद व्हाट्सएप चैटिंग और मोबाइल कॉल के जरिए बातचीत शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवती ने अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से रकम मांगनी शुरू कर दी। कभी मां के इलाज, कभी अपने उपचार, कभी दुर्घटना और कभी मां की मृत्यु का हवाला देकर पैसे मांगे गए। शादी की उम्मीद में रेशम लाल साहू लगातार रकम देते रहे। इस तरह उन्होंने कुल 5,65,355 रुपये आरोपियों के बताए खातों में जमा कर दिए।

मिलने की बात पर खुलने लगी पोल

जब पीड़ित ने युवती से आमने-सामने मिलने और शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही, तो वह अलग-अलग बहाने बनाने लगी। संदेह होने पर रेशम लाल साहू महासमुंद के सरकारी अस्पताल पहुंचे और पदमा के बारे में जानकारी ली। वहां पदमा नाम की कोई युवती नहीं मिली। आसपास भी जानकारी लेने पर उसका पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।

राजनांदगांव से जुड़ा ठगी का नेटवर्क

शिकायत के आधार पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 10/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल की मदद से बैंक खातों, बैंकिंग लेनदेन और मोबाइल नंबरों की पड़ताल की। जांच में आरोपियों का संबंध राजनांदगांव से सामने आया। पुलिस के मुताबिक, भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर पीड़ित से बातचीत करती थी। उसने लगभग ढाई लाख रुपये अपने खाते में प्राप्त किए थे। पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 2025 में लव लाइक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। काम छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर अपनी फर्जी संस्था शुरू की और मोबाइल पर शादी के विज्ञापन चलाकर लोगों को रिश्ता तय कराने का झांसा देकर ठगी करने लगी। पुलिस के अनुसार, इस काम में रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो भी सहयोग करते थे। आरोप है कि इन लोगों ने कमीशन के लालच में ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। भूमिका के खाते में मिली रकम के अलावा अन्य राशि भी साथियों के खातों में ट्रांसफर हुई थी।

पांच आरोपी गिरफ्तार, अन्य शिकायतों की भी जांच

जांजगीर पुलिस ने भूमिका रंगारी, रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी के खिलाफ शादी के नाम पर पैसे लेने से संबंधित अन्य शिकायतें भी साइबर पोर्टल पर दर्ज हैं। इस संबंध में संबंधित थानों को सूचना दी गई है। कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, पद्मराज सिंह और दिव्या सिंह का योगदान रहा।

पुलिस की अपील: विज्ञापन देखकर न करें भरोसा

जांजगीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर दिखने वाले शादी या खरीदारी संबंधी विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। शादी के लिए रिश्ता तलाशते समय संबंधित व्यक्ति और संस्था की पहचान की पुष्टि करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर इलाज, दुर्घटना या अन्य बहानों से पैसे ट्रांसफर करने से बचें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

error: Content is protected !!
Letest
शादी का विज्ञापन, नर्स बनने का नाटक और लाखों की ठगी! जमीन बेचकर भी नहीं मिला जीवनसाथी, गिरोह की 4 मह... सीपत में दिनदहाड़े चोरी: पार्किंग में खड़े ट्रेलर के दो टायर डिस्क समेत कर रहे थे पार, ऑटो सहित चढ़े ... कटरा जंगल में सजा था जुए का फड़, पुलिस की दबिश में 9 जुआरी गिरफ्तार, 11 बाइक, ब्रेजा कार और 47,500 र... डीजे पर नाचने से मना किया तो CAF आरक्षक पर हमला... तीन युवकों ने कांटेदार डंडे और पत्थर से पीटा, मल्हार स्कूल में छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप सिद्ध, फिर भी सिर्फ तबादला! डीईओ की कार्रवाई घेरे म... 16 साल पहले खरीदी जमीन पर कब्जे का आरोप…बिलासपुर की आदिवासी भाजपा पार्षद ही सीमांकन के लिए लगा रही च... डेढ़ माह से लापता कोयले से लदे चार ट्रक....4 लाख रुपये लेकर भी नहीं पहुंचा माल! ट्रांसपोर्टर समेत पा... बिलासपुर: मारपीट के बाद घर जाकर सोया युवक, फिर नहीं उठा, मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाए हत्या के... अच्छे आचरण का मिला इनाम! बिलासपुर केंद्रीय जेल से 21 आजीवन कैदी रिहा, 14 साल या उससे अधिक काटी सजा VIDEO: सेंदरी की 4 एकड़ जमीन पर विवाद: 21 लाख की अग्रिम राशि के बाद भी अन्य को बिक्री की कोशिश का आर...