
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – घरेलू विवाद ने एक परिवार की जिंदगी में ऐसा कहर बरपाया कि पति ने अपनी ही पत्नी को आग के हवाले कर दिया। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी पर तारपीन तेल डालकर माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला जान बचाने के लिए चीखते हुए घर से बाहर भागी। उसकी आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही महिला का रायपुर के डी.के.एस. अस्पताल में उपचार जारी है। इधर, वारदात के बाद फरार हुए आरोपी पति को अकलतरा पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात
जांजगीर-चांपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव, पिता गणेशराम यादव, निवासी करूमंहू, थाना अकलतरा, पिछले चार वर्षों से पत्नी और बच्चों के साथ पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक-1, अकलतरा में रह रहा था। आरोप है कि वह घरेलू विवाद के दौरान पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। घटना के दिन विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रंग-रोगन के लिए रखे तारपीन तेल को पत्नी के ऊपर उड़ेल दिया और माचिस से आग लगा दी। अचानक लगी आग से महिला बुरी तरह घिर गई। जान बचाने के लिए वह चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकलतरा ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां से बाद में रायपुर के डी.के.एस. अस्पताल भेजा गया।
एसपी के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(2) एवं 109 में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप और आरक्षक शेषनारायण साहू का सराहनीय योगदान रहा।