
अभियान के दौरान डंप कचरा व मलबा को भी उठाने का कार्य किया जा रहा है

बिलासपुर प्रवीर भट्टाचार्य
हमर बिलासपुर सुघ्घर बिलासपुर अभियान के तहत एक ओर जहां शहर के मुख्य सड़क, गली मोहल्लों के डंप कचरा की सफाई के साथ नाले व नालियों की सफाई की जा रही है, वहीं वार्ड प्रभारी निगम के अधिकारी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। नाले सफाई के दौरान कचरा डस्टबीन में रखने और निगम के डस्टबीन में कचरा फेंकने के साथ तय वाहनों को कचरा देने की अपील भी की जा रही है।
हमर बिलासपुर सुघ्घर बिलासपुर के 11वें दिन 9510 मीटर नाले व नालियों की सफाई की गई। इस दौरान शहर के सभी वार्डों के 50 से ज्यादा जगहों के नाले व नालियों की सफाई का अभियान चलाया गया। वार्ड क्रमांक 1 से 10 में 1600 मीटर, वार्ड क्रमांक 11 से 20 में 1160 मीटर, वार्ड क्रमांक 21 से 30 में 1900 मीटर, वार्ड क्रमांक 31 से 40 में 1930 मीटर, वार्ड क्रमांक 41 से 20 में 1890 मीटर व वार्ड क्रमांक 51 से 59 में 1060 मीटर नाले व नालियों की सफाई कराई गई।

आज के अभियान में नियमित 11, टास्क बेसिस 2 व ठेका के 47 कर्मचारी कुल 60 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। निगम के अभियान के दौरान वार्ड प्रभारियों द्वारा सुबह 7 बजे से ही अपने-अपने वार्डों में निरीक्षण किया जा रहा है। इस ओर वार्डों की मूलभूत जरूरतों की सूची बनाने के साथ वार्ड प्रभारियों द्वारा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। सभी वार्ड प्रभारियों ने लोगों से सूखा व गीला कचरा अलग-अलग रखने नाले व नालियों में कचरा नहीं फेंकने, डस्टबीन में ही कचरा रखने और तय वाहनों को सूखा व गीला कचरा अलग-अलग देने की अपील की। इसी तरह अनुपस्थित कर्मचारियों के एक दिन के वेतन काटने के से ठेकेदारों को पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान डंप कचरा व मलबा को भी उठाने का कार्य किया जा रहा है। नाले व नालियों से भी निकाले गए मलबा को भी तुरंत उठाने के निर्देश कमिश्नर श्री पाण्डेय ने दिए हैं। हर रोज औसतन 20 से 25 डंपर मलबा उठाया जा रहा है।