
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई प्रमुख और निचले इलाकों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। इसे देखते हुए नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ऊंचाई वाले मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि जलभराव के कारण आवागमन बाधित न हो।
प्रशासन (यातायात विभाग) ने विशेष रूप से चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि नदी-नालों पर बने रपटों एवं निम्न तल की क्रॉसिंग, जिनके ऊपर से पानी बह रहा हो, उन्हें किसी भी स्थिति में पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

वर्तमान में श्रीकांत वर्मा मार्ग, महाराणा प्रताप चौक, एसबीआर कॉलेज लेन, गौरव पथ, ईदगाह चौक मार्ग, मस्तूरी मार्ग, भारती नगर मार्ग, मुंगेली नाका मार्ग और सरकंडा मार्ग सहित कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कुछ अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात प्रभावित है।प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जलभराव कम होने तक इन मार्गों से आवागमन से बचें, मौसम और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें।