
अभियान के पहले दिन देवकीनंदन चौक से सिम्स चौक, सदर बाजार, गोलबाजार, गांधी चौक, शनिचरी चौक व सिम्स के आसपास अतिक्रमण हटाया गया

बिलासपुर प्रवीर भट्टाचार्य
बिलासपुर निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय के निर्देश पर शहर भर के सभी वार्डों में मलबा व निर्माण सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा मलबा व निर्माण सामग्री हटाने के लिए 48 घंटे की मोहलत दी गई है।
आवागमन में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब शहर भर के निर्माणाधीन मकान, भवन व सड़कों पर रखे निर्माण सामग्री और मलबा को हटाया जाएगा। ऐसे भवन व मकान निर्माणकर्ताओं को 48 घंटे की मोहलत दी गई है। इसके बाद निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ता द्वारा जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में वार्ड निरीक्षण के दौरान कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय द्वारा शहर के सार्वजनिक स्थानों, सड़कों व गली व मोहल्ले में जगह-जगह मलबा व निर्माण सामग्री पर नाराजगी जाहिर की थी। इस दौरान निर्माण सामग्री व मलबा को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए थे। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए कमिश्नर श्री पाण्डेय ने डिप्टी कमिशनर मिथलेश अवस्थी को अभियान चलाकर सड़क पर मलबा व निर्माण सामग्री रखने वालों के ऊपर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के तहत बयान जारी कर निगम प्रशासन ने ऐसे भवन व मकान निर्माणकर्ताओं को 48 घंटे के भीतर सड़क से मलबा व निर्माण सामग्री हटवाने की बात कही है। इसके बाद भी मलबा व निर्माण सामग्री सड़कों से नहीं हटाने पर निर्माणकर्ताओं के सामग्री जब्त करने के साथ उनपर जुर्माना लगाने की भी कार्रवाई की जाएगी।
शहर के मुख्य मार्ग, चौक, चौराहों व बाजार स्थलों में अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कमिश्नर श्री प्रभाकर पाण्डेय ने अतिक्रमण निवारण दस्ता को हर रोज रोटेशन पर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के तहत अब हर रोज प्रमुख चौक, चौराहा, मार्ग व मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के पहले दिन देवकीनंदन चौक से सिम्स चौक, सदर बाजार, गोलबाजार, गांधी चौक, शनिचरी चौक व सिम्स के आसपास अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले ठेला को जब्त करने की कार्रवाई की गई।