
रमेश राजपूत

बिलासपुर– उसलापुर गैलेक्सी अपार्टमेंट निवासी डीआरडीओ के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक सी एल पटेल से बीते दिनों ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाजों ने फोन कर लकी ड्रा में महिंद्रा एसयूवी 500 कार मिलने का झांसा दिया था, जिसमें फोन करने वाले ने यह विकल्प भी दिया था कि या तो वह कार ले सकते है या उतनी रकम, जिस पर पीड़ित ने उम्र का हवाला देते हुए नगद रकम लेने की स्वीकृति दी, जिसके बाद ही ठगों का असली काम शुरू हो गया पहले तो पंजीयन के नाम पर 3500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाये गए फिर इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड, यूजर आईडी हासिल कर ठगों ने कई किस्तों में अलग अलग बैंक अकाउंट, पेटीएम के माध्यम 14 लाख 50994 रुपए पार कर दिए। मामले में ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने इसकी शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई,

जिसके बाद पुलिस टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी विवेचना शुरू कर दी। जिसमें जिले की साइबर सेल की टीम को उक्त फोन नंबर और बैंक अकाउंट डिटेल के आधार पर महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे, जिसके बाद पुलिस ने बिहार के नवादा क्षेत्र के वारिसलीगंज थाना से संपर्क कर उक्त ठिकानों पर दबिश दी और वहाँ से दो आरोपियों गौतम कुमार पिता संजय प्रसाद उम्र 22 वर्ष और नीरज कुमार पिता गणेश कुमार उम्र 18 वर्ष को अपने हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने ठगी की घटना को अंजाम देना कबूल किया, जिनके कब्जे से पुलिस ने 2 लैपटॉप, 21 मोबाइल, डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड सहित 5 लाख 36406 रुपए को बरामद किया है। बुधवार को जिले की पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अपने युवा साथियों के साथ मिलकर देश के विभिन्न राज्यों में इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
शॉपिक साइट्स के माध्यम जुटाते थे, बैंक डिटेल और महत्वपूर्ण जानकारियां..

पुलिस ने बताया कि आरोपी फिल्पकार्ट, अमेजॉन, शॉपक्लूज, बिग बाजार जैसे शॉपिंग साइट्स से लोगों की महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाते थे और अपना शिकार चुनते थे, जिसमें अब तक उन्हें सफलता मिलती रही, लेकिन इस बार जिले की पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए इन ठगों को धरदबोचा है, मामले का खुलासा करने के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।