
रमेश राजपूत
बिलासपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जिला ग्रामीण एक माह तक व्यापक जनसेवा अभियान चलाएगी। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिलेभर में सेवा, जनसरोकार और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा जिला ग्रामीण की जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का प्रमुख केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा संकल्प अभियान रहा। पदाधिकारियों ने अभियान के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियां तय करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की।
नौ प्रमुख आयोजनों से चलेगा अभियान

एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान अलग-अलग विषयों पर नौ प्रमुख आयोजन किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं।भाजपा की योजना इन आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने की है। युवाओं, महिलाओं, किसानों, बच्चों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ सेवा गतिविधियों को अभियान का प्रमुख आधार बनाया जाएगा। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक कार्यक्रम को मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
विकास और जनकल्याण योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर

बैठक में केंद्र सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और देश के विकास में उनके योगदान को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
बेलतरा, कोटा और मस्तूरी में संगठन को मजबूत करने की रणनीति

जिला कार्यसमिति की बैठक में बेलतरा, कोटा और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने और प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने की रणनीति बनाई गई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रमों की सफलता के लिए मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल के नेतृत्व में हुई बैठक में जिला महामंत्री एस कुमार मनहर, जनक राम देवांगन,युवा मोर्चा ग्रामीण जिला अध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष प्रदीप कौशिक, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष घनश्याम रात्रे, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष लखन पैकरा, विधायक प्रतिनिधि उमेश गौरहा, निखिल केशरवानी सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बेलतरा, कोटा और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, महामंत्री तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।
एक माह तक चलेगा सेवा और जनभागीदारी का संदेश

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ महज एक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे एक माह तक चलने वाला जनभागीदारी का अभियान होगा। इसका उद्देश्य सेवा, समर्पण और संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ना है। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।