
उदय सिंह
बिलासपुर – मस्तूरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। स्कूल से लौट रही सात वर्षीय मासूम आरोही की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवार की आंखों के सामने हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस अज्ञात बाइक चालक की तलाश में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा निवासी पृथ्वीराज बंजारे रोजी-रोटी के सिलसिले में चिरमिरी में रहकर मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी अपनी बेटियों के साथ रहती हैं। सोमवार को वह अपनी सबसे छोटी बेटी आरोही को लेकर मस्तूरी स्थित स्कूल गई थीं। स्कूल का काम पूरा होने के बाद दोनों ऑटो से वापस गांव लौट रहे थे। गांव के पास स्टेट हाईवे पर ऑटो रुकने के बाद महिला चालक को किराया दे रही थी। इसी दौरान सात वर्षीय आरोही सड़क पर खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे मस्तूरी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में भी शोक की लहर फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही स्टेट हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दुर्घटना करने वाले बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।