
उदय सिंह
बिलासपुर – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में छापा मारकर प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और टैबलेट की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट कुल 4750 नग बरामद किए गए हैं। जब्त नशीली दवाओं का कुल वजन 2495.64 ग्राम और कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान एसीसीयू टीम को सूचना मिली कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने पुत्र मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ मिलकर दूसरे राज्य से प्रतिबंधित नशीली दवाएं लाकर खपाने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एएसपी शहर पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा सीएसपी तिलेश्वर यादव के नेतृत्व में एसीसीयू और सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने गुड़ी स्थित उग्रसेन लोनिया के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से उग्रसेन लोनिया 60 वर्ष, मुकेश कुमार लोनिया 30 वर्ष और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा 20 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की है।
पहले भी नारकोटिक्स केस में पकड़ा जा चुका है मुकेश

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुकेश लोनिया पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की इतनी बड़ी खेप आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस ने दावा किया है कि मामले में एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों और नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जाएगी। पुलिस का फोकस पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचकर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को पकड़ने पर है। कार्रवाई में सीपत थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।