
रमेश राजपूत
मुंगेली – सुबह की ताजी हवा में सेहत बनाने निकले तीन लोगों को क्या पता था कि कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी का सफर थम जाएगा। दसरंगपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को मुंगेली की ओर जा रहे एक मिनी पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मुंगेली विधायक एवं पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के बड़े पिता के बेटे अधीन मोहले सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे दसरंगपुर के मुख्य मार्ग पर हुआ। अधीन मोहले अपने दो साथियों बल्लू बघेल और गंगाराम के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे एक मिनी पिकअप वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीन लोगों की एक साथ मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुबह घर से निकले अपनों के वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवारों को उनकी मौत की खबर मिली तो मातम पसर गया।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
जरहागांव थाना प्रभारी ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और मिनी पिकअप चालक की क्या भूमिका रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी घटना की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
बदहाल सड़क पर कब जागेंगे जिम्मेदार?
इस हादसे के बाद बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक सड़क की जर्जर हालत को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की बदहाली को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। हालांकि, इस दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी, लेकिन हादसे ने सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही पर बहस तेज कर दी है। तीन जिंदगियों का असमय अंत कई सवाल छोड़ गया है। आखिर सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाएंगे? कहीं ऐसा न हो कि अगली सुबह किसी और परिवार के लिए कभी न भूलने वाला मातम लेकर आए।