
अलोक

फोन पर बैंक अकाउंट संबंधी जानकारी हासिल कर एकाउंट साफ करने की घटनाएं लगातार घट रही है और सावधानी बरतने की जगह अब भी लोग इनके झांसे में फंस जा रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में पुलिस को मास्टरमाइंड सहित दो आरोपी को पकड़ने में कामयाबी मिली है । आमतौर पर टेली फ्रॉड करने वाले झारखंड से ऑपरेट करते हैं और उन्हें पकड़ना पुलिस के लिए आसान नहीं होता, लेकिन इस बार पुलिस मास्टरमाइंड तक जा पहुंची। 14 जून 2019 से लेकर 28 जून 2019 के बीच सिरगिट्टी आश्रय परिसर में रहने वाले पंचराम कवर को एक मोबाइल से फोन आया था। जिसमें उन्होंने सैलरी स्लिप मोबाइल के माध्यम से भेजने का झांसा देकर पंचराम के बैंक अकाउंट संबंधी सभी जानकारी हासिल कर ली और इन्हीं जानकारियों से उनकी खाते से 6,50,282 रूपये पार के लिए जिसकी रिपोर्ट सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई थी।

इस मामले में जिस मोबाइल से फोन आया था उसे आधार बनाकर पुलिस ने जांच शुरू की। साइबर सेल को आरोपी का लोकेशन झारखंड मिला बाद में आरोपी का लोकेशन पश्चिम बंगाल बताने लगा। इसके बाद पुलिस की टीम पूर्व वर्धमान जिला पहुंची । पुलिस आरोपी सचिन मंडल उर्फ कपिल देव तक पहुंच तो गई लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेर लिया और अपने बीच के आदमी को ले जाने का विरोध करने लगे लेकिन पुलिस ने स्थानीय लोगों को मामले की तफ्सील से जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने आरोपी सचिन मंडल को गिरफ्तार करने दिया । सचिन मंडल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि उसके एक्सिस बैंक अकाउंट में ठगे गए 650282 रुपए में से 489000 रुपए हैं जिसे पुलिस ने तुरंत सीज कर दिया।

वहीं इस मामले में सचिन मंडल के साथ जुड़े मास्टरमाइंड पंकज कुमार मंडल की भी जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस ने उसे भी दुमका झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से ठगी के पैसों से खरीदे गए स्कॉर्पियो और कई कंपनियों के मोबाइल पुलिस ने जप्त किए हैं। ऐसा लंबे अरसे बाद हुआ है कि टेली फ्रॉड करने वाले आरोपी पुलिस के हाथ चढ़े हैं और ठगे गए रकम में से भी बड़ा हिस्सा पुलिस ने बरामद किया है। पता चला कि ये ठग बेहद शातिर तरीके से इसी तरह लोगों को निशाना बनाते थे और ठगी के पैसों से ऐश की जिंदगी जी रहे थे।
