
रमेश राजपूत

बिलासपुर- फोन पर एटीएम पिन और अन्य जरूरी जानकारी लेकर ठगी करने वाले 4 आरोपियों को सिरगिट्टी पुलिस ने बिहार के पटना और बिहार शरीफ से गिरफ्तार किया है जिनके द्वारा उड़ीसा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रांतों में यह टेली फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। बीते दिनों सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज हुई थी जिसमें एक फोन नंबर पुलिस के हाथ लग पाया था, जिसे ट्रेस करते हुए

सिरगिट्टी पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने लोकेशन के आधार पर नालंदा बिहार में दबिश देकर आरोपी के सहयोगी रितिक कुमार निवासी नालंदा बिहार को पकड़ा जिससे पूछताछ करने पर उसने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने राहुल कुमार, अभिषेक कुमार महतो और सूरज कुमार महतो पटना बिहार के साथ कई लोगों को टेली फ्रॉड का शिकार बनाया है, जिला पुलिस को इस कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है जिन्होंने सात दिवस के भीतर इस मामले का खुलासा किया है।
जालसाजी के सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 6 एंड्राइड मोबाइल, 5 कीपैड मोबाइल, जियोफाई , लैमिनेशन पन्नी, पावर बैंक, लैपटॉप, चार्जर, पेटीएम प्लेट, सील पेड, कलर प्रिंटर, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड, 10 पेन कार्ड, 23 विभिन्न बैंकों के पास बुक, आधार कार्ड विभिन्न बैंकों के चेक, आरसी कार्ड को भी जप्त किया है।
