
उदय सिंह
बिलासपुर – एनटीपीसी सीपत में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। नगर परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने सीआईएसएफ, डीजीआर एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल की परेड का निरीक्षण किया। समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी वर्ष 1975 से देश के विकास में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि देश की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन कंपनी एनटीपीसी लगभग 116 स्टेशनों के माध्यम से 91 हजार मेगावाट से अधिक क्षमता के साथ राष्ट्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक क्षमता वाले विद्युत संयंत्र के रूप में एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में एनटीपीसी सीपत ने करीब 21,500 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाल भारती पब्लिक स्कूल, बाल भवन, टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल एवं दिशा केंद्र के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को महाप्रबंधक योग्यता प्रमाण पत्र, पावर एक्सेल अवार्ड, एम्प्लॉई ऑफ द ईयर, मानवीयता पुरस्कार, बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड और हेल्थ चैंपियन अवार्ड सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। मेधा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सीआईएसएफ एवं आईसीएच के कर्मचारियों का भी सम्मान हुआ।
50 विद्यार्थियों को उत्कर्ष छात्रवृत्ति

परियोजना प्रभावित गांवों के विद्यालयों के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नैगम सामाजिक दायित्व के तहत ‘उत्कर्ष छात्रवृत्ति’ प्रदान की गई। इनमें सीपत, पंधी, जांजी, गतौरा, दर्राभाटा, रांक एवं कौड़िया सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर वरिष्ठ अधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया। वहीं प्रशासनिक भवन ‘ऊर्जा भवन’ के सामने 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का लोकार्पण समारोह का विशेष आकर्षण रहा। सर्विस बिल्डिंग स्टेज-1 में सुरोजीत सिन्हा ने ध्वजारोहण किया। संगवारी महिला समिति द्वारा संचालित बाल भवन एवं टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हुआ। समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल ने वरिष्ठ सदस्याओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट कपिल सुधाकर कामडी, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्राचार्य शलभ निगम, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान तथा उज्ज्वल नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
