
रमेश राजपूत
बिलासपुर – जिले में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोरों सहित चोरी की बाइक खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बिलासा छात्रावास के सामने शीतला माता मंदिर के पास से दीपक दास मानिकपुरी की सफेद एक्टिवा स्कूटी चोरी हुई थी। इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास घूम रहे हैं। सूचना पर एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्गेश निषाद और ईश्वर निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वर्ष 2023 और 2026 के दौरान सिविल लाइन, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों से तीन दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की एक बाइक लक्ष्मण विश्वकर्मा उर्फ गोविंदा को तथा एक्टिवा स्कूटी आशुतोष कुमार मिरी को बेच दी थी। पुलिस ने दोनों खरीददारों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सफेद एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-10-JD-3517, मोटरसाइकिल CG-10-EE-2063 तथा मोटरसाइकिल CG-10-BN-1522 बरामद की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि वाहन चोरी और चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी
1- दुर्गेश निषाद पिता अशोक निषाद उम्र 23 साल निवासी लाल खदान केवटपारा, थाना तोरवा
2- ईश्वर निषाद पिता विजय निषाद उम्र 19 साल निवासी लाल खदान केवटपारा, थाना तोरवा
खरीददार आरोपी
3. आशुतोष कुमार मिरी पिता संतोष मिरी उम्र 29 साल निवासी गणेश नगर नया मस्जिद के पास चुउहियापारा, थाना सिरगिट्टी
4. लक्ष्मण विश्वकर्मा उर्फ गोविन्दा पिता प्रमोद विश्वकर्मा उम्र 29 साल लाल खदान के पास थाना तोरवा,