
रमेश राजपूत
बिलासपुर – श्री संस्कार फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को गुरुद्वारा, सिरगिट्टी अंडर ब्रिज के पास विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। मानव सेवा और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 40 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि संग्रहित रक्त का उपयोग भविष्य में सड़क दुर्घटना के घायलों, प्रसूता महिलाओं, थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में किया जाएगा। रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए “रक्तदान महादान” का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर बिल्डर एवं समाजसेवक हरदीप सिंह खनूजा ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।

शिविर में सोनिया साहू, श्रद्धा सोनी, निहारिका चटर्जी, चंचल कुशवाहा, पार्वती साहू और हरदीप सिंह खनूजा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। वहीं सतनाम सिंह, बंटी खनूजा सहित अन्य स्वयंसेवकों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के समापन पर हरदीप सिंह खनूजा ने सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।