
उदय सिंह
बिलासपुर – तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर सड़क पर दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। ढेंका बाईपास मोड़ के पास शनिवार शाम 4 बजे के आसपास ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार निवासी प्रतीक कैवर्त पिता दरसराम केंवट 24 वर्ष, सीनू केंवट पिता सियालाल 30 वर्ष और शुभम केंवट पिता दिलहरण 14 वर्ष बाइक क्रमांक CG 10 CA 2501 से मस्तूरी की ओर से बिलासपुर आ रहे थे। बाइक प्रतीक कैवर्त चला रहा था तीनों युवक जब ढेंका बाईपास मोड़ के पास पहुंचे और मोड़ पर मुड़ने की तैयारी कर रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10 BS 2107 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्रतीक कैवर्त की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं सीनू का और शुभम का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश करते हुए मामले की जांच में जुटी है।