
उदय सिंह
बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम एरमसाही में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला के साथ गाली-गलौज, धमकी और टंगिया से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता रानू बर्मन की शिकायत पर पुलिस ने गांव के आकाश पाटले के खिलाफ मारपीट, अश्लील गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, रानू बर्मन घरेलू काम करती है और ग्राम एरमसाही में रहती है। आरोप है कि 20 नवंबर की रात करीब 1:25 बजे आकाश पाटले उसके घर के सामने पहुंचा और जोर-जोर से चिल्लाते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगा। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए घर के दरवाजे पर टंगिया से वार किया। इसके बाद वह वहां से अपने घर चला गया।महिला का आरोप है कि सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी फिर उसके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान उसने हाथ में रखी टंगिया से महिला के माथे और दाहिने गाल के पास वार कर दिया, जिससे चोट लगने पर खून निकलने लगा। पीड़िता ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी पहले से पुरानी रंजिश को लेकर कई बार उसके साथ गाली-गलौज कर चुका है। इतना ही नहीं, 28 अक्टूबर को उसके पति रमेश कुमार बर्मन के साथ भी मारपीट की गई थी। वही मस्तूरी पुलिस ने आरोपी आकाश पाटले के खिलाफ धारा 115(2), 296 और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।