
रमेश राजपूत
बिलासपुर – ऑनलाइन कस्टमर केयर की तलाश करना बैंक अधिकारी के लिए भारी पड़ गया। वाशिंग मशीन में आई तकनीकी खराबी को ठीक कराने के लिए गूगल पर सर्विस नंबर तलाशना और फिर व्हाट्सएप पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करना उन्हें ऐसी साइबर ठगी का शिकार बना गया, जिसमें उनके बैंक खाते से 9 लाख 49 हजार 364 रुपये 43 पैसे पार हो गए। ठगों ने रिपेयरिंग के नाम पर मोबाइल में फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड कराकर खाते से रकम निकाल ली। मामले में साइबर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोपका स्थित विवेकानंद नगर निवासी विपीन किशोर कुजूर 51 वर्ष बैंक ऑफ बड़ौदा की रहंगी, चकरभाठा शाखा में ज्वाइंट कस्टोडियन अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उनके घर में रखी सैमसंग कंपनी की वाशिंग मशीन में तकनीकी खराबी आने पर उन्होंने 1 नवंबर 2026 को गूगल पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर तलाशा। सर्च के दौरान उन्हें मोबाइल नंबर 9330372364 मिला। उन्होंने इस नंबर पर संपर्क कर मशीन की खराबी और रिपेयरिंग के संबंध में बातचीत की। कथित कस्टमर सपोर्ट के नाम पर मोबाइल धारक ने उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक फाइल भेजी और जरूरी जानकारी अपलोड करने के लिए कहा। फाइल APK फॉर्मेट में थी। भरोसा कर विपीन ने फाइल खोलकर उसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी भर दी। हालांकि, इसके बाद एप्लीकेशन में आगे की जानकारी अपलोड नहीं हो सकी और संबंधित नंबर पर दोबारा कॉल करने पर संपर्क भी नहीं हुआ। इसी बीच उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने के संदेश आने लगे। 17 नवंबर को खाते की जांच करने पर पता चला कि 13 से 15 नवंबर के बीच यूपीआई के जरिए कई किश्तों में कुल 9,49,364.43 रुपये दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। APK फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल में तकनीकी समस्या भी आने लगी थी। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना रेंज साइबर बिलासपुर में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मोबाइल नंबर के धारक के खिलाफ धारा 317(4), 318(4) एवं 319(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। कस्टमर केयर के नाम पर APK फाइल डाउनलोड कराना साइबर ठगी का नया तरीका बनता जा रहा है। अनजान नंबर से भेजे गए एप्लीकेशन को इंस्टॉल करना बैंक खाते और मोबाइल की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है।