
उदय सिंह
बिलासपुर – जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार 27 नवंबर को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी के पास नेशनल हाईवे-49 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय फोटोग्राफर की मौत हो गई। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने बाइक को अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठे युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बाइक चला रहे उसके साथी को भी चोटें लगी हैं। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक योगेश कौशिक 28 वर्ष पिता लव कौशिक और समीर कौशिक दोनों बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा के निवासी हैं। योगेश फोटोग्राफी का काम करता था। शुक्रवार को वह फोटोग्राफी के सिलसिले में मस्तूरी की ओर गया हुआ था। काम निपटाने के बाद दोनों युवक बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बाइक समीर कौशिक चला रहा था, जबकि योगेश पीछे बैठा हुआ था।

इसी दौरान सिलपहरी के पास एनएच-49 पर पीछे से आ रही पिकअप क्रमांक CG 25 M 1100 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में योगेश के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि समीर को सामान्य चोटें लगीं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीर तुलसी कौशिक ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और पुलिस को भी हादसे की सूचना दी। हालांकि, गंभीर रूप से घायल योगेश की अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। वहीं समीर का उपचार कराया गया, उसकी चोट सामान्य बताई जा रही है। इस घटना से ग्राम परसदा में शोक का माहौल है। एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन और हादसे के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।