
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शहर में विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 38 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिक निगम बिलासपुर के अंतर्गत अधोसंरचना मद से 145 विकास कार्यों को अंतिम मंजूरी प्रदान की है। इससे शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी।वहीं, विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर में विधायक निधि वर्ष 2026-27 के तहत 67 लाख रुपये के पांच महत्वपूर्ण विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिली है। इनमें विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवनों का निर्माण, विस्तार और पुनर्निर्माण के साथ वाटर टैंकर की व्यवस्था शामिल है। स्वीकृत कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक 1 गीतांजलि विहार में शिव मंदिर के पास शेड एवं अन्य निर्माण के लिए 7 लाख रुपये दिए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 26 में भोयरा मरार पटेल समाज के सामुदायिक भवन के तृतीय तल पर हॉल और दो कमरों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 44 शंकर नगर में ईशिता पार्क के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 67 सरकंडा लोधीपारा में सामुदायिक भवन के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 3, 4, 5, 6 एवं 8 में वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर के समग्र विकास और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन से मिली स्वीकृति से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। जनआवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए शहर को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।