
रमेश राजपूत
बिलासपुर – भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा में करीब 93.60 लाख रुपये के कथित गबन के छह साल पुराने मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने मामले में फरार चल रहे एसबीआई के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक के खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैधानिक तरीके से अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। एसीबी/ईओडब्ल्यू के अनुसार, सुनील कुमार झा वर्ष 2018-19 के दौरान भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। उसने 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक के विभिन्न खातों से 93,60,797 रुपये बिना वैधानिक अधिकार के दूसरे खातों में ट्रांसफर किए। इनमें उसकी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और बैंक के अन्य खाताधारकों के खाते शामिल हैं। इस मामले का खुलासा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 409 भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
वाउचर और बैंक खातों के स्टेटमेंट बने अहम साक्ष्य
जांच के दौरान एसीबी ने बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते सहित संबंधित खातों के स्टेटमेंट जब्त किए। इसके अलावा आरोपी की पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट भी खंगाले गए। शाखा से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि इन्हीं वाउचरों के जरिए बैंक के खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में स्थानांतरित की गई थी। ये वाउचर आरोपी द्वारा तैयार किए गए थे। जांच में मिले दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(ए), 13(2) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गईं।
दुमका में लगातार दबिश के बाद गिरफ्तारी
आरोपी सुनील कुमार झा, पिता अशोक कुमार झा, उम्र 35 वर्ष, दुमका के राखाबानी, रसीकपुर क्षेत्र में रह रहा था। एसीबी बिलासपुर की टीम ने लगातार पतासाजी और दबिश के बाद उसे उसके निवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे छत्तीसगढ़ लाया गया। कोरबा न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसीबी के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।