
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सुशासन तिहार 2026 के तहत बिलासपुर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहर के मधुबन-जूना बिलासपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन नालंदा परिसर एवं एजुकेशन हब का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। करीब 13 एकड़ शासकीय भूमि पर 120 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा यह अत्याधुनिक एजुकेशन हब विद्यार्थियों के लिए अध्ययन, आवास और शैक्षणिक संसाधनों का एकीकृत केंद्र बनेगा। परिसर में नालंदा डिजिटल पब्लिक लाइब्रेरी, 300-300 सीट क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावास, शैक्षणिक ब्लॉक तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

बिलासपुर में हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी सीजीपीएससी, यूपीएससी, नीट, जेईई, एसएससी, व्यापम और बैंकिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस परियोजना को आकार दिया जा रहा है। परिसर में 48 बड़े रेंटल हॉल भी बनाए जा रहे हैं, जो भविष्य में नगर निगम के लिए स्थायी आय का स्रोत बनेंगे। पीपीपी मॉडल पर विकसित हो रही इस परियोजना के संचालन का अतिरिक्त वित्तीय भार भी नगर निगम पर नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि एजुकेशन हब के विकसित होने से बिलासपुर की पहचान एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में और मजबूत होगी तथा हजारों विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।