
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल व टेबलेट की सप्लाई के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मथुरा से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गोविंद नगर स्थित उसके ठिकाने से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी की पहचान राहूल अग्रवाल 46 वर्ष पिता महेश चंद अग्रवाल, निवासी गोविंद नगर, मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम गुड़ी लोनियापारा में दबिश देकर उग्रसेन लोनिया 60 वर्ष, मुकेश कुमार लोनिया 30 वर्ष और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा 31 वर्ष को पकड़ा गया था। इनके कब्जे से 4743 नग प्रतिबंधित कैप्सूल व टेबलेट, जिनका कुल वजन 2495.64 ग्राम था, बरामद किए गए। साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 19.17 लाख रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। मामले की आगे की जांच में पुलिस ने सप्लाई के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि स्थानीय आरोपी मथुरा निवासी राहूल अग्रवाल के संपर्क में थे और उसी से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल व टेबलेट मंगवाते थे। इसके बाद पुलिस ने मथुरा में आरोपी की मौजूदगी की जानकारी जुटाई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और गोविंद नगर में घेराबंदी कर राहूल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया और बाद में जेल भेज दिया गया।
मामले में धारा 21(सी), 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।