सीपत

एनटीपीसी सीपत के GEM-2026 का भावपूर्ण समापन…121 बेटियों ने हासिल किया आत्मविश्वास और जीवन कौशल का खजाना,

उदय सिंह

बिलासपुर – मुस्कुराहटों, भावुक विदाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के बीच एनटीपीसी सीपत में आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM)-2026 का समापन हुआ। चार सप्ताह तक चले इस पूर्ण आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन एनटीपीसी सीपत परिसर में भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। अपनी बेटियों को लेने पहुंचे अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी, वहीं एक माह तक साथ रहकर सीखने वाली बालिकाएं अपने साथियों और प्रशिक्षकों से विदा लेते समय भावुक नजर आईं। एनटीपीसी लिमिटेड की नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल (आईएएस) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सीपत स्वपन कुमार मंडल ने की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, समूह गीत, नाटक और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण के दौरान सीखी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बालिका सशक्तिकरण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और उचित मार्गदर्शन किसी भी बालिका के जीवन को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें हर संभव अवसर उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां ही आने वाले समय में सशक्त समाज की नींव बनेंगी। ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और बड़े सपने देखने का साहस पैदा करते हैं। परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 28 दिनों के प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन, सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से एनटीपीसी सीपत में संचालित इस अभियान से अब तक 525 बालिकाएं लाभान्वित हो चुकी थीं, जबकि GEM-2026 में 121 नई बालिकाएं जुड़ी हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रत्येक वर्ष 10 मेधावी बालिकाओं को बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत में कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा का अवसर प्रदान किया जाता है। संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल ने कहा कि प्रत्येक बालिका में अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता होती है। उन्होंने बालिकाओं को प्रशिक्षण से मिली सीख को जीवन में अपनाने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि समिति की सदस्याओं ने पूरे प्रशिक्षण काल में बालिकाओं को परिवार जैसा स्नेह और मार्गदर्शन देने का प्रयास किया। चार सप्ताह के इस अभियान में बालिकाओं को केवल किताबी शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन कौशल से भी परिचित कराया गया। उनकी दिनचर्या योगाभ्यास से शुरू होती थी, जिसके बाद अंग्रेजी, गणित, कंप्यूटर शिक्षा, संवाद कौशल, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, खेलकूद, संगीत, नृत्य, कला और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाती थीं। उन्हें समय प्रबंधन, स्वच्छता, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण भी सिखाए गए।

प्रशिक्षण के दौरान महिला अधिकारियों के साथ संवाद, करियर मार्गदर्शन सत्र और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से मुलाकात ने बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया। आईपीएस अंशिका जैन ने पहुंचकर अपने अनुभव साझा किए, जबकि भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने वर्चुअल माध्यम से बालिकाओं को प्रेरित किया। इसके अलावा शिक्षाविदों, उद्यमियों, बैंक अधिकारियों, पर्वतारोही निशा यादव और मीडिया विशेषज्ञों ने भी विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। अभियान के दौरान अंतरिक्ष विज्ञान, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, पोषण, व्यक्तिगत सुरक्षा और गुड टच-बैड टच जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। चित्रकला, क्ले आर्ट, पर्यावरण संरक्षण कार्यशाला, खेल प्रतियोगिताएं, मैजिक शो, सफारी पार्क भ्रमण और टीम बिल्डिंग गतिविधियों ने बालिकाओं को सीखने के साथ मनोरंजन का अवसर भी दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक सप्ताह अभिभावक मिलन का आयोजन किया गया, जिससे अभिभावक अपनी बेटियों की प्रगति से रूबरू हुए।

जन्मदिन समारोह और सामूहिक गतिविधियों ने पूरे परिसर में पारिवारिक माहौल बना दिया। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी द्वारा वर्ष 2018 में शुरू किया गया बालिका सशक्तिकरण अभियान देशभर में 13 हजार से अधिक बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला चुका है। एनटीपीसी सीपत में संचालित यह पहल शिक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।

error: Content is protected !!
Letest
दहेज प्रताड़ना और नवविवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पति और जेठानी गिरफ्तार...भेजे ग... एनटीपीसी सीपत के GEM-2026 का भावपूर्ण समापन...121 बेटियों ने हासिल किया आत्मविश्वास और जीवन कौशल का ... विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने पैसे मांगने का आरोप.... प्रधान आरक्षक निलंबित, ढाबे में शराब पिलाने की सुविधा देना पड़ा महंगा... संचालक सहित छह लोगों पर आबकारी एक्ट की कार्रवाई अवैध खनन और परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई.. 8 वाहन जब्त...बालाजी कोयला डिपो सील, मल्हार:- केसीसी लोन की राशि में सेंधमारी, किसान के खाते से 1.75 लाख रुपये गायब...अज्ञात के खिलाफ माम... तालाब के पास मिले मगरमच्छ के छह नवजात...रेस्क्यू कर खुटाघाट बांध में छोड़ा गया छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल... नया शैक्षणिक सत्र होगा शुरू VIDEO:- व्यापार विहार में दिनदहाड़े बड़ी वारदात…झांसा देकर 3 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हुए बाइक... पत्रकार सुरक्षा कानून के पालन की मांग...आईजी, कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन, एफआईआर मामले में हो निष्प...