
रमेश राजपूत
बिलासपुर – विंध्यासर एनीकट में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घोंघा नदी में बने एनीकट पार करते समय पानी में बह गई अपनी चप्पल को पकड़ने की कोशिश युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में बह गया। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और एसडीआरएफ की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश उर्फ हेतराम साहू 38 वर्ष पिता शिवकुमार साहू, के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था। गुरुवार 23 जुलाई की शाम लगभग चार बजे वह घोंघा नदी विंध्यासर एनीकट पार कर रहा था। इसी दौरान उसकी चप्पल पानी के तेज बहाव में बह गई। चप्पल को वापस लाने के प्रयास में उसने पानी की ओर कदम बढ़ाया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे एनीकट के गहरे हिस्से में जा गिरा।
देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सकरी पुलिस टीम और एसडीआरएफ के गोताखोर तत्काल मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। लगातार करीब दो घंटे तक चली मशक्कत के बाद गुरुवार शाम लगभग छह बजे गोताखोरों ने युवक का शव पानी से बाहर निकाल लिया।पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया जिसका शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया है वहीं मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में एनीकट पर पानी का बहाव काफी तेज रहता है, इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर इसे पार करते हैं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज बहाव वाले जलाशयों और एनीकट के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।