
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शहर के लोकप्रिय सोशल मीडिया मंच ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ फाइनल प्रेडिक्शन प्रतियोगिता के विजेताओं का शुक्रवार को भव्य समारोह में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की।

समारोह में खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे। विश्व कप फुटबॉल फाइनल में स्पेन की अर्जेंटीना पर 90 मिनट में 1-0 की जीत के परिणाम पर आधारित इस प्रतियोगिता में कुल 432 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 208 प्रतिभागियों ने स्पेन की जीत का सही अनुमान लगाया, जबकि स्पेन की 1-0 से जीत का सटीक पूर्वानुमान लगाने वाले मनीष आकाशी,

विकास चौबे, सुमित पाल सलूजा, एस.एस. ठाकुर, लवलीन सलूजा, अतुल पटेल, सुरेश कुमार और उत्तम तिवारी विजेता बने। सभी विजेताओं को अमर अग्रवाल ने सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग यदि सकारात्मक गतिविधियों के लिए किया जाए तो यह समाज को जोड़ने और युवाओं को प्रेरित करने का प्रभावी मंच बन सकता है। उन्होंने ‘हमर बिलासपुर’ की इस पहल को नागरिक सहभागिता और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया।

कार्यक्रम में ग्रुप एडमिन एवं वरिष्ठ पत्रकार रूद्र अवस्थी, पूर्व महापौर किशोर राय, अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक, भाजपा नेता अनिल दुआ सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 1982 से फुटबॉल का अनुसरण कर रहे हैं और देश में फुटबॉल सहित अन्य खेलों के प्रति बढ़ता उत्साह सुखद संकेत है।

समारोह के बाद अमर अग्रवाल ने प्रतिभागियों और नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार बिलासपुर के विकास के लिए लगभग दो से ढाई हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और समाज को जोड़ने वाले ऐसे आयोजन भविष्य में भी खेल संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक जनभागीदारी को नई ऊर्जा प्रदान करते रहेंगे।

कार्यक्रम में भा ज यू मो नेता रोशन सिंह, महर्षि बाजपेई, दुर्गेश पांडे एवं जिला भाजपा प्रवीण दुबे रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, चरणजीत गंभीर, प्रकाश माहेश्वरी, अशोक बजाज, विभिन्न खेल एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधि, ‘हमर बिलासपुर’ सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं शहरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय दुआ और रौनक साव ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।