
उदय सिंह
बिलासपुर – पचपेड़ी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला ग्राम जैतपुरी का है, जहां दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है तथा पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जैतपुरी निवासी पुनिया बाई रजक 4 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर खेत में काम करने चली गई थीं। उनकी आठ वर्षीय पोती तमन्ना भी खेलने निकल गई थी। इसी दौरान पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही पुनिया बाई करीब 11 बजे घर पहुंचीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा जा चुका था। घर के भीतर आलमारी और दूसरे कमरे में रखी पेटी का ताला भी तोड़ दिया गया था। चोर पेटी में रखी करीब एक ग्राम वजन की सोने की फुल्ली, चांदी की दो जोड़ी पैर पट्टी तथा 20 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) एवं 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पचपेड़ी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।