
रमेश राजपूत
रायपुर – प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। शनिवार 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा।मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालय 26 सितंबर को बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है। वहीं नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने का भी आग्रह किया है।मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश संबंधी आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रदेश में बारिश के मद्देनजर प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।