
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्राम गतवा में विवाद के बाद आरोपियों ने एक बुजुर्ग समेत तीन लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान 74 वर्षीय जोत राम कश्यप को जमीन पर पटककर सिर और छाती पर गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में पंतोरा चौकी और बलौदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौच के बाद मारपीट हो गई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद रोहित, राहुल और जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे। इसी दौरान गांव के हाईस्कूल के पास शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप मिल गए। आरोप है कि शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण और संजय ने हाथ-मुक्के व पैर से मारपीट की। सविता कश्यप ने राहुल को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान जोत राम को जमीन पर पटक दिया गया। सिर और छाती में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ और विवेचना के बाद शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, पंतोरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक केके साहू सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।