
रमेश राजपूत
बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा रिश्ते में भांजा कहकर बुलाए जाने वाले युवक को 15 मिनट के लिए दी गई मोटरसाइकिल करीब छह महीने बाद भी वापस नहीं लौटाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 316(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मुढीपार निवासी कामदास मानिकपुरी ट्रांसपोर्ट नगर परसदा स्थित बबलू गैरेज में मुंशी का काम करता है। 31 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BT 0191 से गैरेज पहुंचा था। इसी दौरान उसके गांव का रहने वाला दानू मसीह वहां पहुंचा। कामदास आरोपी को रिश्ते में भांजा कहकर बुलाता था। दानू ने जरूरी काम का हवाला देते हुए कामदास से उसकी मोटरसाइकिल महज 15 मिनट के लिए मांगी। कामदास ने गैरेज के चौकीदार अजय और मालिक बबलू विश्वकर्मा की मौजूदगी में बाइक उसे सौंप दी। इसके बाद दानू मोटरसाइकिल लेकर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा।कामदास ने बताया कि वह काफी समय तक बाइक लौटने और आरोपी के गांव वापस आने का इंतजार करता रहा। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास भी किया, लेकिन फोन बंद मिला या कॉल रिसीव नहीं की गई। काफी तलाश के बाद भी आरोपी और मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने पर उसने 9 अगस्त को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मोटरसाइकिल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।