
रमेश राजपूत
बिलासपुर – तेज बारिश के दौरान घर में घुसे जहरीले करैत सांप को बाहर निकालने की कोशिश करना गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के क्लर्क को भारी पड़ गया। सांप ने उन्हें डस लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार शिवम होम्स, नूतन चौक निवासी विजय शर्मा 50 वर्ष गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को बिलासपुर में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भरने लगा था। इसी दौरान पानी के बहाव के साथ एक करैत सांप उनके घर में घुस आया। घर के अंदर सांप को देखकर परिजन घबरा गए। सांप को बाहर निकालने के लिए विजय शर्मा खुद आगे आए। इसी दौरान उन्होंने जैसे ही सांप को हटाने की कोशिश की, करैत ने उन पर हमला कर दिया और डस लिया। सर्पदंश के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बारिश में बरतें विशेष सावधानी
बारिश के मौसम में जलभराव और बाढ़ के कारण सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, गोदामों और अन्य सूखे स्थानों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में किसी भी सांप को देखकर उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश खुद न करें। विशेष रूप से करैत जैसे जहरीले सांप के काटने पर समय पर चिकित्सा उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम या संबंधित विशेषज्ञ की मदद लें।