
रमेश राजपूत
बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब देवरीखुर्द मोड़ के पास स्थित शराब दुकान परिसर में एक ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की लाश उसी की ऑटो के अंदर खून से लथपथ हालत में मिली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, शराब दुकान परिसर में खड़ी ऑटो क्रमांक CG 10 T 0731 के पीछे सीट के नीचे एक व्यक्ति के बैठे होने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची तोरवा पुलिस ने देखा कि व्यक्ति के गले और सीने से भारी मात्रा में खून निकल रहा था। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान आसपास के लोगों ने बबलू साहू, निवासी देवरीखुर्द के रूप में की है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर ऑटो चालक की हत्या की है। वारदात के बाद आरोपी ने आसपास लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचने की चुनौती बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।