
उदय सिंह
बिलासपुर – जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो गांजा जब्त किया है। जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पुलिस ने तीन पुरुष और एक महिला समेत चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास कुछ लोग पिट्ठू बैग और झोले में गांजा लेकर खड़े हैं। वे ऑटो या बस के जरिए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्धों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 13 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दाम पर खरीदकर मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने के लिए लाया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिसोदिया 21 वर्ष, उसकी पत्नी पूर्वा मालिया 20 वर्ष, कृष्णा पाण्डेय 23 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, तथा नीरज नायक 19 वर्ष, निवासी उमरिया, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। मस्तूरी थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई चेन और ओडिशा से बिलासपुर तक इसे पहुंचाने वाले नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, डीएसपी एसीसीयू/एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।