
उदय सिंह
बिलासपुर – न्यायधानी में कानून व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के प्रति अनुशासन को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट के सामने एक ऑटो चालक और पुलिस अधिकारी के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान ऑटो चालक ने सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के साथ कथित तौर पर हाथापाई करते हुए गाली-गलौज भी की। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, सिम्स मेन गेट के सामने ऑटो को बेतरतीब तरीके से खड़ा करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
बताया जा रहा है कि इसी बात पर टीआई रविशंकर तिवारी और ऑटो चालक के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते ऑटो चालक आक्रामक हो गया और उसने टीआई के साथ हाथापाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी और ऑटो चालक के बीच विवाद और धक्का-मुक्की का दृश्य सामने आया है। हालांकि, घटना के बाद पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और आरोपी ऑटो चालक की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।