
उदय सिंह
बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र में अज्ञात लुटेरों का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। दर्रीघाट के आसपास सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने बाइक सवार युवक को रोककर मारपीट की और उसकी जेब से चार हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वारदात के दूसरे दिन भी पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी है। मस्तूरी टीआई सलीम खाखा के अनुसार देवखुर्द निवासी वैभव सिंह 12 सितंबर की शाम बाइक से बेलटुकरी जा रहे थे। शाम करीब छह बजे दर्रीघाट के आगे दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों युवकों ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद मारपीट करते हुए उनकी जेब में रखे चार हजार रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित वैभव सिंह ने मस्तूरी थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309 सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दर्रीघाट के आसपास रात के अंधेरे में राहगीरों को रोककर मारपीट और लूटपाट की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। खासकर सुनसान मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवारों को बदमाशों का डर सताने लगा है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।