
उदय सिंह
बिलासपुर – शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई कर्मियों के सम्मान में होटल बंसीवाला ने एक अनूठी और सराहनीय पहल की है। होटल बंसीवाला के संचालक दिनेश चंदानी ने करीब 50 सफाई कर्मियों को शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। इस आयोजन के जरिए उन्होंने उन कर्मयोगियों के प्रति आभार जताया, जिनकी मेहनत से शहर की सड़कें, गलियां और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ नजर आते हैं।

सम्मान समारोह का माहौल उस समय और भी खास हो गया, जब सम्मानित किए गए सफाई कर्मियों के साथ होटल संचालक दिनेश चंदानी ने खुद बैठकर रात्रिभोज किया। आमतौर पर समाज में उपेक्षित रह जाने वाले इन मेहनतकश लोगों को सम्मान के साथ अपने बीच स्थान देना इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रही।

इस आत्मीयता ने सफाई कर्मियों को न केवल खुशी दी, बल्कि उन्हें यह अहसास भी कराया कि उनके काम और योगदान को समाज में महत्व देने वाले लोग भी मौजूद हैं। गौरतलब है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

सुबह से लेकर देर तक वे कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं और अपने श्रम से शहर को साफ-सुथरा रखने में जुटे रहते हैं। इसके बावजूद कई बार उनके योगदान को वह सामाजिक सम्मान नहीं मिल पाता, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। ऐसे में होटल बंसीवाला की यह पहल एक सकारात्मक सामाजिक संदेश देने वाली साबित हुई।समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले दिनेश चंदानी जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में आगे रहते हैं।

इस बार उन्होंने सफाई कर्मियों को सम्मानित कर यह संदेश दिया कि समाज की असली ताकत उन मेहनतकश हाथों में है, जो बिना किसी दिखावे के अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। यह आयोजन महज शॉल और प्रशस्ति पत्र देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में श्रम, सेवा और सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास बना।

निश्चित रूप से ऐसी पहलें दूसरों को भी प्रेरित करेंगी कि शहर को स्वच्छ रखने वालों का सम्मान केवल विशेष अवसरों पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में भी किया जाना चाहिए।