
रमेश राजपूत
मुंगेली – गांव में जुआ खेलने वालों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जुआरियों को छुड़ाने के लिए एकजुट हुए लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। इतना ही नहीं, सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए जुआ फड़ और पुलिसकर्मियों से कुल 4470 रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की 2500 रुपये की रकम भी बरामद की गई है। मामला फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्लाभाठा का है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर दीपावली के दौरान जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने ऑपरेशन बाज अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:53 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गांव में जुआ पकड़ने पहुंची थी। यहां ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे शैलेन्द्र गबेल, प्यारे लाल साहू, गोविंद, राजेश साहू और एक नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा था। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, तभी प्रमोद साहू, उमेश गबेल, खोमप्रसाद गबेल, शिवप्रसाद सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों से मारपीट की और पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने के साथ जप्त रकम व पुलिसकर्मियों के पास रखे रुपये लूट लिए। घटना में कुल 4470 रुपये लूटे जाने की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जांच में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र उर्फ मुच्चु, प्यारेलाल, गोविंद, उमेश उर्फ चन्द्रकुमार, खोमप्रसाद, शिवप्रसाद, कमलेश कुमार और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी शुक्लाभाठा के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर 17 नवंबर को गिरफ्तार किया। उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।