
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र में ड्यूटी से घर लौट रहे एक पुलिस आरक्षक को पांच युवकों ने रास्ता रोककर घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले आरक्षक के सिर पर हाथ से हमला किया, फिर शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे, मुक्का और लात से जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने आरक्षक की मोटरसाइकिल में भी लाठी से तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद गांव के लोगों के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से भाग निकले। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम झलमला, शिव चौक निवासी आकाश डोंगरे रतनपुर थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 10 बजे रतनपुर थाने में ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। करीब 10:45 बजे ग्राम भिल्मी में कोटवार के घर के सामने मेन रोड पर पहुंचे, तभी अमित वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और नीरज वर्मा ने उनका रास्ता रोक लिया। आरक्षक के रुकते ही अनिल रजक ने उनके सिर पर हाथ से वार कर दिया, जिससे वे मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। उठकर कारण पूछने पर पांचों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का, लात और लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में आरक्षक के सिर, आंख के पास, सीने, दोनों हाथ, कोहनी, कमर और घुटने में चोटें आईं। पुलिस ने अमित वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और नीरज वर्मा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।