
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम भिल्मी में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और रकम नहीं देने पर पुलिस आरक्षक से मारपीट करने का मामला सामने आया था। आरोपियों ने आरक्षक को सड़क पर गिराकर हाथ-मुक्का और डंडे से पीटा तथा उसकी मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर दी थी। घटना के बाद सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरक्षक आकाश डोंगरे 13 सितंबर की रात ड्यूटी से अपने घर ग्राम झलमला लौट रहे थे। रात करीब 10.45 बजे वे ग्राम भिल्मी मेन रोड पर पहुंचे थे। इसी दौरान अमित वर्मा, दीपक वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और एक नाबालिग सड़क पर खड़े थे। आरोपियों ने आरक्षक को रास्ते में रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। आरक्षक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसे सड़क पर गिराकर हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के दौरान आरक्षक की मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना की शिकायत मिलते ही सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार रजक 20 वर्ष, अमित वर्मा 24 वर्ष, दीपक कुमार वर्मा 21 वर्ष और जोयल वर्मा 25 वर्ष, सभी निवासी ग्राम भिल्मी, को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।