
उदय सिंह
बिलासपुर – न्यायधानी में लूट और झपटमारी की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सकरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे रेलवे के ट्रेन मैनेजर को दो अज्ञात युवकों ने रास्ते में रोक लिया और पेट्रोल डलवाने के नाम पर पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियो ने मोबाइल निकालने को कहा और झपट्टा मारकर मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पोंडी निवासी दानेश्वर कौशिक रेलवे विभाग में उस्लापुर में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। रविवार रात करीब 10:45 बजे खाना खाने के बाद वे घर से ड्यूटी के लिए उस्लापुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। गांव के हायर सेकंडरी स्कूल के पास पहुंचने पर दो अनजान युवकों ने उन्हें गाड़ी रोकने का इशारा किया। रुकने के बाद दोनों ने पेट्रोल डलवाने के लिए पैसे मांगे। कौशिक ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उनसे मोबाइल निकालने को कहा। जैसे ही उन्होंने मोबाइल जेब से बाहर निकाला, दोनों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। लुटेरे Vivo T3 5G मोबाइल, 100 रुपये नकद और एक पुराना इस्तेमाल किया हुआ मोबाइल ले गए। सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। रात होने के कारण पीड़ित तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। सोमवार को उन्होंने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 3(5) और 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीण और राहगीरों में भी असुरक्षा का माहौल बन रहा है।