
उदय सिंह
बिलासपुर – सिरगिट्टी क्षेत्र में एक युवक को परिचित को बाइक पर लिफ्ट देना भारी पड़ गया। शराब दुकान के पास पहुंचते ही परिचित ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि युवकों ने लिफ्ट देने वाले की पिटाई कर उसके गले से चांदी की चेन लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नगपुरा निवासी राघवेंद्र यादव व्यापार विहार में शेयर मार्केट का काम करते हैं। शनिवार शाम वह घर से व्यापार विहार जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में एक परिचित युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। परिचित होने के कारण राघवेंद्र ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया।
दोनों सिरगिट्टी रेलवे फाटक के पास स्थित शराब दुकान के नजदीक पहुंचे, तभी परिचित युवक ने राघवेंद्र से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। राघवेंद्र ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे युवकों ने राघवेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उसके गले में पहनी चांदी की चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक युवक ने धारदार हथियार से राघवेंद्र पर हमला कर दिया। हमले में घायल राघवेंद्र किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बाद में परिजनों ने उन्हें सिम्स पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना को लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।