
रमेश राजपूत
बिलासपुर – न्यायधानी बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत से घर लौट रही 18 वर्षीय युवती रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवती के दोनों पैर कट गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
खेत से घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोमुहानी निवासी देविका बंजारे, पिता शिवकुमार बंजारे, उम्र 18 वर्ष, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने खेत से घर लौट रही थी। युवती का घर रेलवे लाइन के एक तरफ है, जबकि परिवार का खेत दूसरी तरफ स्थित है। खेत से घर आने-जाने के लिए उसे रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। गुरुवार को भी वह खेत से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई।
हादसे में दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त
ट्रेन की चपेट में आने से देविका के दोनों पैर कट गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के मुताबिक, घर और खेत रेलवे लाइन के अलग-अलग तरफ होने के कारण देविका को रोजाना इस रास्ते से आना-जाना पड़ता था। गुरुवार को खेत से घर लौटते समय वह इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। एक पल में हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटी के सुरक्षित घर लौटने का इंतजार था, वह गंभीर हालत में अस्पताल पहुंच गई। घटना ने एक बार फिर रेलवे लाइन पार करते समय बरती जाने वाली सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।