
उदय सिंह
बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद को लेकर जलेबी दुकान संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र मौर्य (32), पिता देवाराम मौर्य, मूल रूप से राजस्थान का निवासी है और लंबे समय से बिलासपुर में किराये के मकान में रहकर जलेबी बेचने का काम करता है। शनिवार शाम वह रोजाना की तरह सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के आगे गुरुद्वारे के पास अपनी दुकान लगाकर बैठा था।बताया जा रहा है कि रात करीब 8:30 बजे चार से पांच युवक वहां पहुंचे और बैठकर गाली-गलौज करने लगे। इस पर भूपेंद्र ने उन्हें बेवजह बैठने और गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।आरोप है कि युवकों ने भूपेंद्र से कहा कि वह बाहर से आकर रौब झाड़ रहा है। इसके बाद उन्होंने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ 4,5 वार कर दिए। हमले में भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।