
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सिरगिट्टी क्षेत्र में जमीन से जुड़े विवाद को लेकर एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित जितेन्द्र विश्वकर्मा की पत्नी गीतांजलि विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मुख्य आरोपी मोहनीश विश्वकर्मा और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि घटना में गंभीर चोटें आने के बावजूद सिरगिट्टी पुलिस ने मामूली धाराओं में एफआईआर दर्ज की है, जिससे उनका परिवार दहशत में है।
जमीन विवाद पूछने पहुंचे पति के साथ मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, गीतांजलि विश्वकर्मा अपने पति और बच्चों के साथ आदर्श नगर, सिरगिट्टी में रहती हैं। सिरगिट्टी क्षेत्र में स्थित जमीन और मकान को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। उक्त संपत्ति के संबंध में उनकी भाभी सरिता विश्वकर्मा ने न्यायालय में व्यवहार वाद दायर किया है, जिसमें गीतांजलि के पति जितेन्द्र विश्वकर्मा को भी पक्षकार बनाया गया है। आरोप है कि इसी मामले में जानकारी लेने के लिए जितेन्द्र विश्वकर्मा तिफरा स्थित मोहनीश विश्वकर्मा के स्टूडियो पहुंचे थे। वहां कथित तौर पर मोहनीश ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और जितेन्द्र के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान जितेन्द्र का गला दबाया गया, जिससे उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा। उनकी बाईं आंख के पास, नाक, कान और सीने में भी चोटें आईं। पीड़िता के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनके पति बेहोश हो गए थे।
बोलने में परेशानी, बार-बार आ रहे चक्कर
गीतांजलि ने शिकायत में बताया कि घटना के बाद से उनके पति की हालत सामान्य नहीं है। उन्हें ठीक से बोलने में परेशानी हो रही है और बार-बार चक्कर आ रहे हैं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि गला दबाने और गंभीर मारपीट के कारण उनके पति को अंदरूनी चोटें भी आई हैं।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल, परिवार को सता रहा अनहोनी का डर
पीड़िता का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने मामले की गंभीरता के अनुरूप कार्रवाई नहीं की। उन्होंने शिकायत में कहा है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे उनके परिवार को किसी अप्रिय घटना का डर सता रहा है। उन्होंने आरोपी और उसके साथियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। गीतांजलि विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले का संज्ञान लेकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों के अनुरूप उचित धाराओं में कार्रवाई करने तथा संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। अब देखना होगा कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस क्या कदम उठाती है और मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।