
रमेश राजपूत
बिलासपुर – पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) खरीदकर बिलासपुर में खपाने की तैयारी कर रहे एक कथित अंतरराज्यीय तस्कर को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है, और 10,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एसीसीयू बिलासपुर और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
उसलापुर बाजार के पास बेचने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के मद्देनजर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान 24 अक्टूबर को एसीसीयू टीम को सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना सकरी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। नारकोटिक्स एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए वैज्ञानिक अधिकारी की उपस्थिति में संदिग्ध की तलाशी ली गई, जिसमें मादक पदार्थ बरामद हुआ।
अमृतसर से खरीदकर लाया था चिट्टा
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक वालिया 32 वर्ष पिता कमलजीत सिंह वालिया, मूल निवासी सुभाष कॉलोनी, गली नंबर-7, थाना बी-डिवीजन, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। वह वर्तमान में वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और यहां स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की बात बताई। वह मादक पदार्थ की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश में पुलिस
थाना सकरी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। कार्रवाई में सीएसपी क्राइम सुदीप सरकार, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह सहित दोनों टीमों के अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है।