
रमेश राजपूत
बिलासपुर – संभावित तूफान को देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। 28 और 29 अक्टूबर को 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी विभागों को राहत और बचाव की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत पहुंचाने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कंट्रोल रूम से लेकर अस्पतालों और आपदा प्रबंधन दलों तक को चौबीसों घंटे सक्रिय रहने को कहा गया है।
कमजोर होर्डिंग और झुके पेड़ों पर नजर
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर पहले से जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों को जेसीबी और अन्य संसाधन तैयार रखने, जलभराव वाले इलाकों पर नजर रखने तथा कमजोर होर्डिंग हटाने को कहा गया है। तेज हवाओं से हादसों की आशंका को देखते हुए जोखिमपूर्ण पेड़ों की डालियों की छंटाई भी कराई जाएगी।
24 घंटे चालू रहेंगे कंट्रोल रूम

जिला और तहसील स्तर के कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेंगे। यहां मिलने वाली हर सूचना को पंजीबद्ध कर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखने के लिए आश्रय स्थलों का चिन्हांकन कर साफ-सफाई और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी थानों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
बिजली-पानी और अस्पतालों पर विशेष फोकस
विद्युत विभाग कमजोर खंभों और संवेदनशील बिजली लाइनों की निगरानी करेगा। अस्पतालों और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी बिजली व्यवस्था की जांच कर निर्बाध सेवाएं बनाए रखने की तैयारी की जाएगी। होमगार्ड एवं आपदा मोचन दल को रस्सा, बोट और इमरजेंसी लाइट सहित सभी उपकरण दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय स्तर पर कुशल तैराकों को भी चिह्नित किया जाएगा।
गर्भवती महिलाओं को पहले अस्पताल पहुंचाने की तैयारी
खराब मौसम में चिकित्सा सुविधा मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए 28 और 29 अक्टूबर को प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं को एक दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की जाएगी। अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने गांवों और शहरों में मुनादी व माइक के जरिए लोगों को सावधान करने तथा जलाशयों में पर्यटकों का प्रवेश बंद रखने को कहा है। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।